Latest News / ताज़ातरीन खबरें

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप।

अतरौलिया । थाना क्षेत्र के देवरा पट्टी गांव में मंगलवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय डाली गुप्ता पत्नी सदानंद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतका के मायके पक्ष,आकाश गुप्ता निवासी हैदरगंज जमुनियाबाद थाना कोतवाली जनपद अयोध्या, ने पति सदानंद गुप्ता एवं अन्य ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की बहन शिल्पी गुप्ता तथा मां इंद्रावती ने बताया कि डाली की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व देवरा पट्टी निवासी सदानंद गुप्ता से हुई थी। उनका आरोप है कि विवाह के बाद से ही डाली को प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद और आर्थिक परेशानियों के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।
मृतका की 15 वर्षीय पुत्री श्रेया गुप्ता ने बताया कि उसकी मां कुछ दिन पूर्व मायके गई थी और वहां से सकुशल वापस लौटी थी। घर लौटते समय माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। श्रेया के अनुसार, वह पड़ोस में फोन करने गई थी और करीब 15 मिनट बाद लौटने पर घर में अफरा-तफरी का माहौल था। उसने बताया कि पहले उसे बताया गया कि उसकी मां ने फांसी लगा ली है, जबकि बाद में कहा गया कि वह केवल बेहोश है। मायके पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष ने मामले को दबाने का प्रयास किया तथा मृतका की पुत्री का मोबाइल फोन भी ले लिया गया, ताकि वह अपने ननिहाल पक्ष को सूचना न दे सके। हालांकि किसी अन्य फोन से उसने अपने मामा आकाश गुप्ता को घटना की जानकारी दी। मृतका के भाई आकाश गुप्ता ने बताया कि उन्हें रात लगभग साढ़े आठ बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे अयोध्या से देवरा पट्टी के लिए रवाना हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मृतका केवल बेहोश थी तो उसे तत्काल अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया। आकाश गुप्ता ने अतरौलिया थाने में लिखित तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन 21 जून को ससुराल आई थी तथा 23 जून की रात उनके भतीजे अमन ने फोन कर उसकी मौत की सूचना दी।
मृतका अपने पीछे 17 वर्षीय पुत्र प्रियांशु और 15 वर्षीय पुत्री श्रेया को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh