अयोध्या के श्री राम मंदिर में हुए वित्तीय अनियमितता को लेकर कांग्रेस जनों ने निष्पक्ष जांच की मांग, राज्यपाल के नाम एसडीएम सदर को दिया ज्ञापन।
देवरिया।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने टाउन हॉल स्थित पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। जुलूस सुभाष चौक, सिविल लाइंस होते हुए कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर पहुंचा,जहां महामहिम राज्यपाल महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम प्रवीण कुमार को सौंपा गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने कहा कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं,दान एवं जवाहरात प्रबंधन में हुई गड़बड़ियों,चोरी तथा घोटाले के आरोपों ने करोड़ों श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस की आस्था को झकझोर कर रख दिया है। श्रीराम मंदिर देश की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता की निष्पक्ष जांच होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, लेकिन अभी तक इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज न किया जाना कई सवाल खड़े करता है। किसी भी गंभीर मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत प्राथमिकी दर्ज करना आवश्यक होता है। बिना एफआईआर के जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर स्वाभाविक रूप से संदेह उत्पन्न होता है।
जिलाध्यक्ष ने महामहिम राज्यपाल महोदया से मांग की कि इस पूरे प्रकरण में तत्काल एफआईआर दर्ज कराकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक कर श्रद्धालुओं एवं आम जनता के विश्वास को कायम रखा जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं और उनकी आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। दोषियों को बचाने के बजाय उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी, अब्दुल जब्बार,जुलेखा खातून, नागेंद्र शुक्ला,जिला प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्रा, वरुण राय,जिला महासचिव शहनाज जफर, शिव शंकर सिंह, सच्चितानंद मिश्रा,रीता देवी,शहर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद अहमद, ऋषिकेश मिश्रा, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय, विजय शंकर मिश्रा,जिला सचिव विनोद दुबे,सोहन मिश्रा, सलीम अंसारी,युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हर्षित सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष धन्नजय यादव, निर्मला वर्मा,उत्तेज मिश्रा, राजेन्द्र यादव,वजीर अहमद, विनोद त्रिपाठी,राजकुमार यादव,दीपक पटवा, कमलेश मिश्रा,रजत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






















































Leave a comment