पिछले 9 वर्षों में 10 लाख से अधिक युवाओं को नौकरी देकर उत्तर प्रदेश बना नंबर वन राज्य : अनिल राजभर
देवरिया ।देवरिया।बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवायोजन एवं श्रम विभाग द्वारा गुरुवार को सिंचाई विभाग स्थित डाक बंगले में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर तथा विशिष्ट अतिथि ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम रहीं।
रोजगार मेले में विभिन्न बहुराष्ट्रीय एवं निजी कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां युवाओं का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान किए गए। मेले के दौरान कुल 848 युवाओं को रोजगार एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 10 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाया है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले युवाओं को रोजगार के नाम पर केवल आश्वासन दिए जाते थे, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है। मंत्री ने महाराजा सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उनके सम्मान में विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्हें उचित सम्मान देने का कार्य किया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि रोजगार मेला क्षेत्र के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मिलने से क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए श्रम मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राकेश राजभर ने की तथा संचालन राजीव मिश्रा ने किया। इस दौरान सहायक श्रम आयुक्त स्कंद कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश सिंह, मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, अभय सिंह, राजीव वर्मा, अवनीश मिश्रा, अभिषेक जायसवाल, त्रिपुनायक विश्वकर्मा, जटाशंकर दूबे, कन्हैया जायसवाल, राजेश सिंह मंटू, रामनयन सिंह, रामेश्वर सिंह, कुंजबिहारी सिंह, अनूप उपाध्याय, माया जायसवाल, राणा सिंह, अखिलेश योगी, शिवाकांत तिवारी, अभय तिवारी, कृष्णमुरारी पांडेय, लल्लन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।






















































Leave a comment