Latest News / ताज़ातरीन खबरें

एक लाख का इनामी कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर पुलिस और बदमाश के बीच कई राउंड फायरिंग, स्वाट प्रभारी घायल

गाजीपुर। होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की हत्या के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी की बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के पवहारी बाबा आश्रम, कुर्था के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बदमाश की गोली लगने से स्वाट प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल हो गए। घायल कमलेश चौधरी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं स्वाट प्रभारी रोहित मिश्रा के हाथ में गोली लगी है और उनका उपचार जारी है। गौरतलब है कि अष्टभुजी कॉलोनी निवासी होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की बीते शुक्रवार देर रात उनके होटल के गेट पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय, आलोक दुबे, सोनू यादव, कमलेश चौधरी समेत तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण ने आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जबकि एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने कमलेश चौधरी पर इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें और एसटीएफ लगातार दबिश दे रही थीं। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में शामिल कमलेश चौधरी करंडा क्षेत्र की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई। मौके पर एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh