Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बीएससी के छात्र समेत दो लोगो की नदी में डूबने से मौत


 जौनपुर। शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर स्नान करते समय सई नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। मृत युवकों के घर होली के पर्व पर मातम छा गया। परिजनों  के करुण क्रंदन से दोनों गांवों का माहौल गमगीन हो गया।
  
 सुजानगंज थाना क्षेत्र के फरीदाबाद (बालवरगंज बाजार) निवासी 25 वर्षीय आनंद गुप्ता उर्फ ललऊ होली खेलने के बाद करीब साढ़े तीन बजे कुछ मित्रों के साथ नारीपुर (डीह गड़वार) स्थित कारूवीर घाट पर स्नान करने गया था। स्नान करते समय आनंद गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद अन्य लोगों ने बचाने की भरसक कोशिश की, किंतु नाकाम रहे। देखते ही देखते वह डूब गया। खबर लगते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव मय फोर्स पहुंच गए। मल्लाहों को तलाश के काम में लगाया। करीब शाम सवा छह बजे शव मिल गया। मृत युवक के पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में सूरत (गुजरात) रहते हैं। वह घर मां व छोटे भाई के साथ रहता था। 
 मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के सकरा गांव निवासी चंद्र प्रकाश पांडेय का 18 वर्षीय इकलौता पुत्र प्रशांत पांडेय प्रयागराज से बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। वह होली की छुट्टी में घर आया था। होली खेलने के बाद प्रशांत कुछ साथियों के साथ गांव में ही नदी में नहाने गया था। गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। साथियों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने खोजबीन के दौरान करीब 45 मिनट बाद प्रशांत को खोज निकाला। बेहोशी की हालत में मछलीशहर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। हादसे से होली की खुशियां मातम में बदल गईं। दो बहनों में वह अकेला भाई था। स्वजन के करुण क्रंदन से ग्रामीणों की आंखें नम हो जा रही हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh