Latest News / ताज़ातरीन खबरें

भाजपा की बड़ी कार्रवाई, आठ नेताओं को पदों से हटाया, जानें वजह ,पीलीभीत


पीलीभीत। विधानसभा चुनाव और मतगणना संपन्न होने के बाद भाजपा ने आठ पार्टी पदाधिकारियों को दायित्व मुक्त कर बड़ा संदेश दिया है। भाजपा के इस एक्शन से पार्टी के संगठन में खलबली मच गई है। दरअसल जिन लोगों को दायित्व मुक्त किया गया है, वे वर्तमान में पदाधिकारी हैं। सभी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में सक्रिय रहने का आरोप है।
भाजपा में ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने पत्र जारी कर बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा अशोक राजा, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, तुलाराम लोधी, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रुपेश गंगवार, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह, जिला मंत्री मुन्नू कश्यप, जिला महामंत्री लेखराज भारती और अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रवेश भारती को दायित्व मुक्त कर दिया है।
कार्यकारिणी के सक्रिय सदस्यों पर हुए एक्शन के बाद संगठन से जुड़े लोगों में अनुशासन को लेकर बड़ी चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ पदाधिकारी और रडार पर हैं। वहीं कुछ लोगों ने संगठन के पदाधिकारियों के समक्ष पहले ही पहुंच कर अपना पक्ष रख कर अपनी स्थिति साफ कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्णय का पत्र हमें प्राप्त हो गया है। सभी आठ लोगों को दायित्व मुक्त कर दिया गया है।
जिन लोगों को संगठन में दायित्व मुक्त किया गया है। उनमें कुछ ऐसे हैं जो विस चुनाव में अपने लिए टिकट मांग रहे थे। पर उन्हें तवज्जों नहीं दी गई। इसके बाद वे चुनावी गतिविधियों से दूर रहे। एक पदाधिकारी ने तो बकायदा चुनाव तक लड़ा। इस मामले में मतगणना के बाद जब पूरा मामला ऊपर पहुंचा तो पदाधिकारियों ने एक्शन लेने में देर नहीं की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh