Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कुशीनगर में बड़ा हादसा, कुएं में गिरे 22 लोग, नौ बच्‍चों समेत 13 की मौत : बड़ी ख़बर

कुशीनगर। उत्‍तर प्रदेश के कुशीनगर में बड़ा हादसा हुआ है। जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के नौरंगिया में मटकोर करने गई महिलाओं के साथ दर्जनों किशोरियां व बच्चे लौटते समय कुएं में गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में 13 की मौत हो गयी है।
जिला अस्पताल पर रात में इतनी भीड़ जुट गयी कि कर्मचारी नाम-पता तक नहीं दर्ज पाया। सभी शव मोर्चरी भेज दिए गए। घायलों को नेबुआ नौरंगिया सीएचसी पर इलाज के बाद घर भेजा गया। सीएमओ डॉ सुरेश पटारिया ने बताया कि 11 शव जिला अस्पताल पहुंचे थे। दो और शवों के आने की सूचना है। वहीं, जिलाधिकारी राजलिंगम ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार नौरंगिया के स्कूल टोला पर रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के बेटे की गुरुवार को शादी है। वैवाहिक रस्म के क्रम में महिलाएं हल्दी की रस्म अदायगी के दौरान गांव में बाहर मटकोर करने गई थीं और उनके साथ बच्चे भी गए थे। लौटते समय रात हो गई। रास्ते में भीड़ अधिक थी। महिलाएं और किशोरियां नाचते गाते हुए लौट रही थीं। दो-तीन बच्चे भी थे। गांव में आने का रास्ता संकरा है और किनारे गहरा कुआं है। इस पर बीस साल पहले स्लैब पड़ी थी। जगह न मिलने से कुछ बच्चे और महिलाएं कुएं पर चढ़ गए। अचानक स्लैब टूट गयी और कई लोग कुएं में गिर पड़े।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में पंप लगवाया। पानी निकालने के साथ गिरे लोगों को निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। कुएं में 23 लोग गिरे थे। सभी को पास के अस्पताल भेजा गया। इनमें 13 की हालत गंभीर देख कर जिला अस्पताल भेजा गया। इन सभी को देखने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भीड़ इतनी जुट गयी थी कि कर्मचारी ने पहचान हुए बगैर शव मोर्चरी भेज दिये।
कुशीनगर हादसे पर सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने गहरा दु:ख जताया है। उन्‍होंने कुशीनगर जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्‍काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य समुचित ढंग से संचालित करने और घायलों को समुचित उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh