1.69 करोड़ के चावल गबन मामले में मिल मालिक गिरफ्तार मुकदमा दर्ज होने के बाद से चल रहे थे फरार, दोनों गोदाम सीज
आजमगढ़। पुलिस ने शुक्रवार को सिकरौरा के पास 1.69 करोड़ के सरकारी चावल गबन मामले में मिल संचालक शिवम जायसवाल निवासी सिकरौरा को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ मार्केटिग इंस्पेक्टर ने जांच में कमी पाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज कराते हुए दोनों गोदामों को सीज कर दिया था। उसके बाद से ही पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी में जुट गई थी।
दीदारगंज क्षेत्र के पूरा किशनीपुर गांव में शिवम जायसवाल उर्फ बाबू की राइस मिल है। इनके दो गोदामों में करीब 1.69 करोड़ की सरकारी चावल रखा गया था। इसकी जांच 11 व 13 अक्टूबर 2021 को मार्केटिग इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप गौंड़ व कनिष्ठ सहायक अमित सिंह ने किया था। उस समय राइस मिल संचालक अभिलेख नहीं दिखा पाए तो मार्केटिग इंस्पेक्टर ने दोनों गोदामों को सीज कराते हुए थाने में राइस मिल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उसी समय से पुलिस आरोपित की तलाश में लगी हुई थी। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक मदन कुमार गुप्ता व उपनिरीक्षक नागेश चौधरी शांति व्यवस्था के लिए क्षेत्र में मौजूद थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर गबन के आरोपित शिवम जायसवाल को सिकरौर बाजार से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मिल संचालक के खिलाफ सरकारी चावल 1.80 करोड़ व 89 लाख रुपये के गबन के दो मुकदमे दर्ज हुए थे।
























































Leave a comment