Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दिनदहाड़े दूल्हे सहित तीन महिलाओं का अपहरण ,लूट

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के भकुही गांव के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार दूल्हे का दिन दहाड़े अपहरण कर लिया। कार में दूल्हे के अलावा परिवार की तीन महिलाएं भी मौजूद थीं। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लगभग ढाई घंटे बाद बदमाशों ने दूल्हा व परिवार की महिलाओं से जेवरात आदि की लूटपाट करने के बाद छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के सरदहा बाजार निवासी मो. परवेज पुत्र मो. नजीर की शादी अहरौला के गहजी भीलमपट्टी गांव में मो. सरताज की पुत्री से पांच सितंबर को होनी तय थी। परवेज की बरात सुबह साढ़े ग्यारह बजे सरदहा से निकली और कप्तानगंज कोईनहा मार्ग होते हुए भीलमपट्टी जा रही थी। दूल्हा स्विफ्ट कार में सवार था और इसमें परिवार की तीन महिलाएं भी थीं।
कार जैसे ही भकुही गांव के पास पहुंची तीन बाइक सवार करीब छह युवकों ने उसे रोक लिया। चालक को तमंचा सटा कर उसे गाड़ी से बाहर निकाला और एक बदमाश कार की चालक सीट पर सवार हो गया। इसके बाद कार को मोड़ कर बदमाश लेकर जाने लगे।
कार के पीछे बाइक से कुछ बाराती आ रहे थे। उन्होंने घटना क्रम देखा तो विरोध किया। जिस पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दी। जिस पर वे फरार हो गए। सूचना पुलिस को मिलते ही हड़कंप मच गया। अपहृत दूल्हे की तलाश शुरू हो गई।
घटना के दो ढाई घंटे बाद दूल्हे की गाड़ी बिलरियागंज थाने पर चालक लेकर पहुंचा। जहां पूछताछ की कवायद चल रही है। सूत्रों के अनुसार, कार में सवार महिलाओं व दुल्हन के लिए ले जाए जा रहे जेवरात आदि को लूटकर बदमाशों ने उन्हें छोड़ दिया।
सीओ (बूढ़नपुर) गोपाल स्वरूप वाजपेयी ने बताया कि दूल्हा व दुल्हन पक्ष में कुछ मनमुटाव था, जिसे लेकर यह घटना हुई है। फिलहाल दूल्हा व कार में सवार परिवार की महिलाएं सुरक्षित हैं और उन्हें बिलरियागंज थाने में बैठाया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh