पिता और बुआ ने चंद रुपयों के लिए बेच डाला युवती को, युवती ने करायी रिपोर्ट दर्ज
आजमगढ़ । तरवां क्षेत्र की निवासी एक युवती ने अपने पिता व बुआ पर शादी के बहाने उसे 50 हजार रुपये में बेच दिये जाने का आरोप लगाया है। सृजन सखी मंच के प्रमुख जयंती राजभर के साथ पीड़ित युवती ने गुरुवार को एसपी से मिलकर कार्रवाई के लिए न्याय की गुहार लगाई है।
तरवां क्षेत्र के संता का पुरा गांव निवासिनी 20 वर्षीय युवती का आरोप है कि उसकी बुआ के साथ मिलकर पिता ने शादी के बहाने उसे बरेली जिले के विसौली थाना क्षेत्र के आशापुर गांव निवासी एक युवक को बेच दिया। जब वह शादी के बाद अपनी ससुराल पहुंची तो उसे ससुराल के लोग प्रताड़ित करने लगे। इस बीच देवर व जेठ भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करने लगे। वह विरोध की तो उसे मारते व पीटते थे। जब जेठ व देवर की हरकतों को उसने अपने पति से बताया तो उसके पति ने कहा कि तुम्हारे बुआ व पिता को 50 हजार रुपये देकर खरीदा हूं। वह किसी तरह से ससुराल वालों के बंधक से निकल कर भागकर वाराणसी आयी। वाराणसी में मिले अजनबी व्यक्ति ने आजमगढ़ की स्वयं सेवी संस्था सृजन सखी की प्रमुख जयंती राजभर से बात की। जयंती ने वाराणसी पुलिस की मदद से उसे लेकर किसी तरह से आजमगढ़ आयी। एसपी ने पीड़िता के प्रार्थना पत्र पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश दिया।

























































Leave a comment