दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य विभाग की छापेमारी, दूध-मिठाई के छह नमूने लिए
•भाटपाररानी में मिठाई की दुकानों की जांच, पथरदेवा में एक प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस
देवरिया ।आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर दूध, दुग्ध पदार्थों एवं मिठाइयों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर की गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि सुबह जनपद में बाहर से दूध लेकर आने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान दूध के दो नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, भाटपाररानी तहसील क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने प्रमुख मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर मिठाइयों के चार नमूने लिए। पथरदेवा स्थित केडी चौराहा के पास नंद बाबा स्वीट्स प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं पाए जाने और साफ-सफाई में कमी मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वाहन के माध्यम से खाद्य कारोबारियों एवं उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान और उससे बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच कर लोगों को मिलावट के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। रुद्रपुर में मिठाई की दुकानों से छेना मिठाई एवं बेसन के लड्डू के नमूने भी संग्रहित किए गए।
उन्होंने बताया कि संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावटखोरी के विरुद्ध जांच एवं प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी जनपद के अन्य क्षेत्रों में जारी रहेगी।



























































Leave a comment