Accidental News / दुर्घटना की खबरें

भाई के सामने नदी में समा गया श्रवण, परिजनों में मचा कोहराम


आजमगढ़। सावन मास के दूसरे सोमवार को जहां दत्तात्रेय धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं एक दुखद हादसे ने मेले की खुशियां मातम में बदल दीं। मेला देखने दोस्तों के साथ गए दो भाइयों में से एक की तमसा और कुंवर नदी के संगम पर स्नान करते समय मौत हो गई। मृतक की पहचान वजीरमल निवासी 15 वर्षीय श्रवण प्रजापति के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, श्रवण अपने बड़े भाई कृष्णा प्रजापति और दो अन्य दोस्तों के साथ सोमवार को दत्तात्रेय धाम पर लगे सावन मेले में गया था। मेला घूमने के बाद सभी मित्र संगम स्थल पहुंचे और स्नान करने लगे। उसी दौरान अचानक श्रवण गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
शुरू में साथियों को यह समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह पानी में पूरी तरह लुप्त हो गया। भाई और दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शोर मचाने पर आस-पास मौजूद लोग और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों को जैसे ही हादसे की खबर मिली, परिवार में कोहराम मच गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh