बिलरियागंज थाना क्षेत्र में साइड मांगने को लेकर बढ़ा विवाद बाइक सवारों से मारपीट कर फरार हुए छह युवक
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहां स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर शुक्रवार को साइड मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद बाइक सवार दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायलों को बिलरियागंज थाने पहुंचाया, जहां पीड़ितों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार सूरज निषाद (लगभग 25 वर्ष) पुत्र रामाशीष अपने साथी पवन निषाद (लगभग 26 वर्ष), निवासी लक्ष्मीपुर, जनपद देवरिया के साथ बाइक से किसी पोल्ट्री फार्म में वैक्सीनेशन का कार्य कर अपने घर देवरिया लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीनगर सियरहां के पास सर्विस लेन के बीच सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति मोबाइल से बात कर रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक सवारों ने उक्त व्यक्ति से रास्ते से साइड हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कुछ देर तक कहासुनी हो गई। इसके बाद सूरज और पवन बाइक से आगे निकल गए।
आरोप है कि कुछ दूरी जाने के बाद दो बाइकों पर सवार करीब छह युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे और ओवरटेक कर बाइक रोकने के बाद दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में दोनों युवक घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों घायलों को बिलरियागंज थाने भेजा। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी है। वहीं, तहरीर मिलने के बाद बिलरियागंज पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। घटना को लेकर पीड़ित पक्ष में आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है


























































Leave a comment