अहरौला के शंभूपुर घटना में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की मदद, दो अनाथ बच्चियों को 2.5-2.5 लाख
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम शंभूपुर, तहसील बूढ़नपुर में 21 सितंबर 2026 को हुई घटना में मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
घोषणा के अनुसार, स्वर्गीय महेंद्र पाठक और स्वर्गीय अखिलेश मिश्रा के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं तीसरे परिवार में माता-पिता और भाई की मृत्यु के बाद बची दो छोटी बच्चियों को 2.50-2.50 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
घटना के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने तीनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को सांत्वना दी।
जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और शिक्षा का अधिकार अधिनियम सहित अन्य पात्र योजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन की अपील पर एक गणमान्य व्यक्ति की ओर से भी तीनों पीड़ित परिवारों को 1-1 लाख रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।



















































Leave a comment