Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पीईटी परीक्षा केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
          निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी जानकारी ली। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
        जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। परीक्षा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh