Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़ में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, देवगांव पुलिस ने तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, 34 मुकदमों का खुलासा

•चोरी की दो वारदातों का खुलासा, चोरी की बाइक, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अवैध तमंचा बरामद

आजमगढ़। देवगांव थाना पुलिस ने चोरी और गृहभेदन की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, 1,510 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जनपद के विभिन्न थानों में कुल 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 की रात गोपालपुर सोठौली गांव निवासी रामाशंकर यादव के घर के बरामदे में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP50CB2593), दो टीवी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में देवगांव थाने में मुकदमा अपराध संख्या 349/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वहीं, 10 अक्टूबर 2026 को कंजहित गांव निवासी शिवशंकर के घर में घुसकर बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इस घटना में मुकदमा अपराध संख्या 358/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे से तीनों गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में देवगांव पुलिस ने 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:50 बजे मेहनाजपुर रोड स्थित मोलनापुर ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चांदी की तीन जोड़ी पायल, चांदी की 15 बिछिया, पीली धातु की एक चेन, 1,510 रुपये नकद, .315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों में संजय राय पुत्र अकबल बहादुर निवासी रामचन्द्रपुर थाना देवगांव, सुमित उर्फ सोनू सिंह पुत्र सत्यदेव सिंह निवासी अहिरौली थाना मेहनगर तथा संतोष सिंह पुत्र स्वर्गीय चन्द्रप्रकाश सिंह निवासी तिलहुआ थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ शामिल हैं।

तीनों के खिलाफ दर्ज हैं 34 मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी आपराधिक विवरण के मुताबिक, संजय राय के खिलाफ 10, सुमित उर्फ सोनू सिंह के खिलाफ पांच और संतोष सिंह के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र जैसी धाराओं से संबंधित मुकदमे शामिल हैं। विशेष रूप से संतोष सिंह का आपराधिक इतिहास आजमगढ़ के अलावा जौनपुर जनपद के विभिन्न थानों में भी दर्ज है।

तीन मुकदमों में बढ़ाई गई कार्रवाई

पुलिस ने चोरी की दोनों घटनाओं से संबंधित मुकदमों में बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। वहीं, संजय राय के कब्जे से अवैध तमंचा बरामद होने पर मुकदमा अपराध संख्या 376/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह यादव, उपनिरीक्षक सुल्तान खान, उपनिरीक्षक शकील अहमद खान, हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह, संजय दुबे, कांस्टेबल विपिन यादव, कृष्ण कुमार सिंह तथा रिजर्व कांस्टेबल मोहित मिश्रा, अमित तिवारी और हिमांशु कुशवाहा सहित देवगांव थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

देवगांव पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की दो घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ बरामदगी और आपराधिक इतिहास के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh