जौनपुर में करवाचौथ पर महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी, ढाई घंटे बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा
जौनपुर। करवाचौथ के दिन सिकरारा थाना क्षेत्र के डमरुआ गांव में एक महिला अपने प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब ढाई घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस की समझाइश से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय आशा चौहान आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर बिसया गांव की निवासी बताई जा रही है। उसकी शादी भदोही जिले के सुरियावां क्षेत्र के महजदा गांव निवासी मुन्ना चौहान से हुई थी। महिला के दो बच्चे हैं, जिनमें चार वर्षीय बेटा शिवम और दो वर्षीय बेटी ज्योति शामिल हैं।
बताया जाता है कि करीब एक वर्ष से आशा का डमरुआ गांव निवासी सचिन गिरी के साथ प्रेम संबंध था। करीब छह महीने पहले वह अपने पति से अलग होकर सचिन के साथ सूरत में रहने लगी थी। नवरात्र के दौरान दोनों अपने-अपने गांव लौट आए थे। सचिन डमरुआ और आशा अपने मायके आजमगढ़ चली गई थी।
बताया जा रहा है कि 25 अक्टूबर को आशा अपने प्रेमी से मिलने डमरुआ गांव पहुंची, लेकिन सचिन घर पर नहीं मिला। इसके बाद महिला ने उससे शादी करने की जिद पकड़ ली और गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
महिला को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह ने करीब ढाई घंटे तक समझा-बुझाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतरवाया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।























































Leave a comment