जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन घाटों और मार्गों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने आज तहसील सलेमपुर अंतर्गत नदावर घाट सहित विसर्जन घाटों एवं विसर्जन मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन मार्गों पर किसी प्रकार का अवरोध न हो तथा आवागमन सुचारू रूप से सुनिश्चित हो, इसके लिए इस पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने विसर्जन घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग सहित सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहें। विसर्जन में यदि कठिनाई आए तो इसके लिए जेसीबी एवं क्रेन की व्यवस्था रखी जाए साथ ही गोताखोरों और नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने दुर्गा पंडाल आयोजकों से अपील की कि वे पंडाल लगाने, कार्यक्रम आयोजित करने तथा डीजे संचालन के लिए निर्धारित प्रारूप पर समय से अनुमति प्राप्त कर लें। अंतिम दिन तक अनुमति के लिए इंतजार न करें। उन्होंने कहा कि अनुमति प्राप्त होने से प्रशासन को आयोजकों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, विसर्जन के समय एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी रहती है, जिससे आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित किए जा सकते हैं। उन्होंने डीजे की ऊंचाई एवं ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि आयोजकों को निर्धारित प्रारूप उपलब्ध करा दे जिससे कि वे समय से अनुमति ले सके। कार्यक्रमों में सामान्य रूप से धार्मिक भजन एवं परंपरागत गीत ही प्रस्तुत किए जाएं तथा ऐसा कोई कृत्य न किया जाए, जिससे किसी की आस्था आहत हो।
उन्होंने दुर्गा पंडालों में विद्युत सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय अपनाने तथा विद्युत संबंधी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां-जहां मूर्तियां स्थापित की जा रही हैं, झांकियां निकाली जानी हैं तथा विसर्जन होना है, उन सभी स्थानों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकतानुसार एंबुलेंस सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उप जिलाधिकारी , क्षेत्राधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को भी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए लगाया गया है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते रहें।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने तथा विसर्जन घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि दुर्गा पूजा एवं विसर्जन का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
निरक्षण के दौरान एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर, नगर निकाय अध्यक्ष, थानाध्यक्ष सलेमपुर, राजस्व कर्मी एवं पुलिस कर्मी आदि मौजूद रहे।



























































Leave a comment