Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डिजिटल ठगी से बचने के लिए छात्राओं को किया जागरूक

•अग्रसेन महिला महाविद्यालय में साइबर क्राइम पुलिस ने चलाया अभियान, डिजिटल अरेस्ट और सेक्सटॉर्शन से सावधान रहने की दी सलाह

आजमगढ़। नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह (NCSAM) के तहत बुधवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस की ओर से श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं को विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी अपराध कौस्तुभ त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लिंक, निवेश एवं क्रिप्टो स्कैम, फर्जी केवाईसी और सेक्सटॉर्शन जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग खुद को पुलिस, सीबीआई अथवा अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसे की मांग करते हैं। इसके अलावा फर्जी ऐप और लिंक भेजकर बैंक खाते से रकम निकालने, लॉटरी या गिफ्ट मिलने का झांसा देने, फर्जी कस्टमर केयर और फिशिंग मैसेज के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

फर्जी प्रोफाइल से दोस्ती कर करते हैं ब्लैकमेल

छात्राओं को सेक्सटॉर्शन के प्रति विशेष रूप से सतर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी कई बार सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते हैं। इसके बाद वीडियो कॉल के दौरान स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर अश्लील सामग्री के नाम पर ब्लैकमेल और पैसे की मांग की जाती है।

पुलिस ने छात्राओं से कहा कि अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें और किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड, निजी तस्वीरें या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान ऐप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।

ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें कॉल

पुलिस ने छात्राओं को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस ने बताया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से लेन-देन को रोकने और रकम वापस कराने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

अभियान के दौरान छात्राओं ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका पुलिस टीम ने जवाब देकर उन्हें डिजिटल दुनिया में सतर्क और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh