आपसी भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार, भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचें-डीएम
•सभी दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश
•एसपी ने कहा—अराजक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर,अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
देवरिया । आगामी त्योहार नवरात्रि, दशहरा, दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर जनपद में साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में पुलिस लाइन सभागार में सभी धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने बैठक में आए सभी धर्मों के सम्मानित नागरिकों को साधुवाद देते हुए कहा कि आप सभी लोग अपने-अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने के लिए इस बैठक में उपस्थित हुए, इसके लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने सभी उपस्थित संभ्रांत नागरिकों का आह्वान करते हुए अपील की कि जिस प्रकार विगत वर्षों में सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे से सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाते रहे हैं, आगे भी उसी तरह से गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए इसका अक्षरशः पालन करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी धर्मों के त्योहारों का एक ही मकसद होता है कि दूसरों की भावनाओं को आहत किए बिना हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने जनपदवासियों का आह्वान करते हुए अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों को प्रसारित करने से बचें और कोई भी इस प्रकार की भ्रामक सूचना यदि उन्हें प्राप्त होती है तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें, ताकि उस सूचना की जांच करते हुए उसका निस्तारण समयांतर्गत कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में लगभग 3500 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित होंगे। इस हेतु पंडाल समिति अपने-अपने आंतरिक व्यवस्थाएं पूर्व में सुनिश्चित कर लें तथा जिन्होंने परमिशन न लिया हो, वे लिखित रूप से संबंधित अधिकारी से परमिशन लेकर दी गई शर्तों का पालन अवश्य करेंगे। पंडाल की सजावट के दौरान अत्यंत ज्वलनशील वस्तुओं का प्रयोग न किया जाए। पंडाल में प्रवेश व निकास द्वार में उचित स्थान रहे। सड़क के किनारे पंडाल न लगाया जाए तथा पंडाल में रेत, पानी, सीसीटीवी कैमरा की व्यवस्था अवश्य रहे। इस हेतु उन्होंने संबंधित अधिकारी को पूर्व में निरीक्षण कर आश्वस्त होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर कोई भी अन्य नया कार्य न हो, पंडाल में अश्लील गाने कदापि न बजें, न ही आर्केस्ट्रा का आयोजन हो। पंडाल स्थल पर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइनें लगाई जाएं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों को पारंपरिक ढंग से मनाया जाए और किसी भी प्रकार की नई परंपरा का आरंभ न किया जाए।
उन्होंने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि त्योहार के समय अपने-अपने क्षेत्रों में पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था मुकम्मल रखें। विद्युत विभाग से संबंधित अत्यधिक शिकायतों पर उन्होंने जर्जर तार, खंभे, विद्युत आपूर्ति को सही कराने तथा विसर्जन के दौरान रास्तों पर विशेष रूप से मौके का निरीक्षण कर ढीले एवं लटके हुए जर्जर तारों को प्राथमिकता के तौर पर सही कराने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि जनपद में सभी स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और सभी चौराहों पर पिकेट के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की टीम जनपद में भाईचारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि किसी भी भ्रामक खबर पर ध्यान न दें और न ही किसी सोशल साइट पर आने वाली भ्रामक खबरों व फोटो को पोस्ट करें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनपद में महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा हेतु एंटी रोमियो स्क्वायड टीम सक्रिय रहेगी एवं विभिन्न पंडालों पर महिला सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। पंडालों एवं अन्य स्थानों पर शस्त्रों का प्रदर्शन पूर्णतया वर्जित रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की अराजक तत्वों पर पैनी नजर रहेगी तथा इस तरह के शोहदों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समस्त संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद में भाईचारा, साम्प्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रेश कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त संबंधित अधिकारीगण, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत सहित गणमान्य नागरिक एवं धर्मगुरु उपस्थित थे।
























































Leave a comment