विद्यार्थियों को बांटे निःशुल्क हेलमेट, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
•शिव बालिका इंटर कॉलेज जीयनपुर में सड़क सुरक्षा अभियान, यातायात नियमों के पालन का लिया संकल्प
जीयनपुर/आजमगढ़। शिव बालिका इंटर कॉलेज जीयनपुर में बुधवार को सड़क सुरक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। हेलमेट पाकर छात्रों के चेहरों पर खुशी नजर आई और उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह पहल केवल हेलमेट वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण प्रयास है। आए दिन होने वाले सड़क हादसों में युवाओं की जान जा रही है। ऐसे में कम उम्र से ही बच्चों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिवार ने कहा कि “सुरक्षित जीवन, उज्ज्वल भविष्य” उनकी प्राथमिकता है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगे भी शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी जनहितकारी योजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।























































Leave a comment