बरहज तहसील में 24 सितंबर को लगेगा पेंशन शिविर
देवरिया।जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) राम जनम ने बताया कि सोशल सेक्टर के विभागों द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं से लाभान्वित पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने तथा पेंशन से वंचित पात्र व्यक्तियों के आवेदन कराने के लिए 24 सितंबर को तहसील बरहज परिसर में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 10 बजे से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर तहसील बरहज के लिए उन्हें नोडल अधिकारी नामित किया गया है। शिविर में पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही, पेंशन योजनाओं से वंचित रह गए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही आवेदन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) ने बताया कि शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इसका लाभ उठा सकें। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेख, उपकरण एवं सामग्री के साथ शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र व्यक्तियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर तहसील बरहज पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।



























































Leave a comment