Accidental News / दुर्घटना की खबरें

बाइक सहित पानी भरे गड्ढे में मिला सिपाही का शव, ड्यूटी पर लौटते समय हादसे की आशंका; SP ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बलिया। बांसडीह कोतवाली में तैनात 2025 बैच के आरक्षी परितोष मिश्रा का शव सोमवार को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी भरे गहरे गड्ढे में बाइक सहित मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक सिपाही प्रयागराज जनपद के होलागढ़ थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

साथी सिपाही को स्टेशन छोड़कर लौट रहे थे

मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम परितोष मिश्रा अपने साथी सिपाही शिवगोपाल पाल को बाइक से बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। इसके बाद वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाने में तैनात कुछ साथी पुलिसकर्मियों के साथ छाता गांव के पास भोजन किया।

भोजन करने के बाद परितोष ने मोबाइल ड्यूटी की बात कहते हुए बाइक से वहां से जाने की बात कही। इसके बाद वह निर्धारित ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। देर रात तक उनके वापस नहीं आने पर साथियों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।

सुबह गड्ढे में मिली बाइक और शव

सोमवार सुबह छाता रेलवे क्रासिंग के पास पानी से भरे गहरे गड्ढे में बाइक सहित परितोष मिश्रा का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक चलाते समय वह अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरे होंगे। पानी में डूबने के कारण उनकी मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ल, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र और कोतवाल राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।

SP ने मृतक सिपाही के परिजनों को सूचना देने तथा घटना से पहले उनके साथ भोजन करने वाले पुलिसकर्मियों से पूछताछ करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कर घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सिपाही गड्ढे में कैसे गिरे, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

GGS NEWS 24 | बलिया


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh