व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया भरोसा
देवरिया लार। नगर पंचायत सभागार में सोमवार को व्यापार मंडल की बैठक हुई। अधिशासी अधिकारी बृजेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने नगर की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। व्यापार मंडल अध्यक्ष साहू विशाल गुप्ता ने नगर में जाम और जल निकासी की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने बाजार की यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ ही जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। महामंत्री हसरत लारी ने मुख्य बाजार में जर्जर विद्युत पोल को ठीक कराने की बात रखी। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं मनोनीत सभासद ओमप्रकाश मोदनवाल ने साप्ताहिक बंदी के नियम का प्रभावी ढंग से पालन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों को राहत मिलने के साथ बाजार की व्यवस्था भी बेहतर होगी। शुभम गुप्ता सोनू ने कहा कि मुख्य बाजार में दिनभर ट्रक व अन्य मालवाहक वाहन सामान उतारते रहते हैं। इससे जाम की समस्या बनी रहती है। उन्होंने मालवाहक वाहनों से सामान उतारने के लिए समय निर्धारित करने की मांग की। व्यापारी सुजीत कुशवाह ने पुलिस चौकी के समीप पाइपलाइन में हो रहे लीकेज को ठीक कराने की मांग रखी। बैठक में अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। ईओ बृजेश गुप्ता ने व्यापारियों को पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, वृद्धावस्था पेंशन तथा श्रम विभाग में श्रमिकों के पंजीकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान फूड इंस्पेक्टर नेहा त्रिपाठी, जेई अविनाश गौतम, व्यापार मंडल अध्यक्ष साहू विशाल गुप्ता, ओमप्रकाश मोदनवाल, गोलू वर्मा, हसरत लारी, अश्वनी गुप्ता, शाकिर लारी, साहब लारी, जफर लारी, फैसल लारी, बबलू समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।





















































Leave a comment