Crime News / आपराधिक ख़बरे

शराब की दुकान पर विवाद के बाद युवक की मौत, दो युवकों समेत अज्ञात पर हत्या का आरोप

घोसी। बोझी। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 37 वर्षीय युवक की कटिहारी गांव के सिवान स्थित देशी शराब की दुकान पर हुए विवाद के बाद मारपीट में  की मौत हो गई। घटना का कारण शराब पीने के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है। मारपीट की पूरी घटना शराब की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। 
मृतक के परिजनों ने कटिहारी गांव के दो युवकों समेत अन्य अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी रामअवतार सिंह (37) पुत्र रामकुंवर सिंह श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात करीब आठ बजे घर से कटिहारी गांव के सिवान स्थित देशी शराब की दुकान पर गया था। बताया गया कि शराब की दुकान पर रामगढ़ निवासी एक युवक और कटिहारी के दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रामअवतार सिंह के साथ भी दोनों युवकों ने मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट में रामअवतार गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। दुकान पर मौजूद मृतक के गांव के सेल्समैन ने फोन से घटना की जानकारी अपने भाई को दी। इसके बाद सेल्समैन का भाई और उसका एक सहयोगी बाइक से रामअवतार को उसके घर लेकर पहुंचे। आरोप है कि दोनों उसे घर से करीब 50 मीटर पहले गली में छोड़कर चले गए।
  इसी दौरान मंदिर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पूजन कर घर लौट रही रामअवतार की बहन सोनी की नजर लहूलुहान हालत में पड़े अपने भाई पर पड़ी। उसने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन रात करीब 11 बजे रामअवतार को उपचार के लिए लाटघाट,आजमगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस:
  घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार तड़के पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शराब की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल:
   रामअवतार की मौत की खबर मिलते ही पत्नी अनीता और अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक घर पर रहकर खेती-बारी करता था। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके आठ वर्षीय पुत्र अत्यंत और पांच वर्षीय पुत्री अंशिका हैं। घटना के बाद दोनों बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh