धर्म परिवर्तन की मीटिंग का आरोप, कादीपुर में पांच लोग हिरासत में, मठ के महंत ने पुलिस को दी सूचना, थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़/रौनापार। रौनापार थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में गुरुवार को एक घर में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन को लेकर मीटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले को लेकर राजदेपुर मठ के मठाधीश ने रौनापार थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती उर्फ आदि शिवसागर भारती को सूचना मिली थी कि कादीपुर गांव में एक आवास पर कुछ लोगों की बैठक चल रही है और वहां कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है। मठाधीश ने इसकी सूचना तत्काल रौनापार पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर में चल रही बैठक से कांति, सुमन, राहुल, घरभरन और बबीता को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि हिरासत में ली गई कांति पत्नी राजकुमार पर वर्ष 2022 में भी धर्म परिवर्तन से जुड़े एक मामले में जेल जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मौजूदा मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
इधर, राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती ने पांचों लोगों के खिलाफ रौनापार थाने में प्रार्थना पत्र देकर कथित धर्म परिवर्तन गतिविधियों का आरोप लगाया और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ में जुटी है।



























































Leave a comment