जिलाधिकारी ने विकास विद्यालय, आश्रम पद्धति, ईश्वर शरण आश्रम सलोरी का किया औचक निरीक्षण
•बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद, नवाचार एवं अन्य गतिविधियों से जोड़ने के दिए निर्देश
प्रयागराज, 19 अगस्त। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह के साथ विकास विद्यालय, आश्रम पद्धति, ईश्वर शरण आश्रम, सलोरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था, पेयजल, छात्रावास, भोजन, साफ-सफाई एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने परिसर में पीने के साफ पानी के लिए लगाए गए आरओ, पानी की आपूर्ति के लिए स्थापित नई टंकियों तथा छात्रावास के कमरों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में पढ़ाई की गुणवत्ता की जानकारी लेने के लिए छात्रों से संवाद भी किया।
छात्रों से परिचय प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने उनसे उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा और यह जानने का प्रयास किया कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, परिश्रम और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता मेहनत और अनुशासन से ही मिलती है। उन्होंने बच्चों से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के साथ-साथ अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने का भी आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य सहित विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार खेलकूद एवं अन्य गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित कराई जाएं। साथ ही नवाचार कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को नई-नई तकनीकों और आधुनिक विषयों की जानकारी दी जाए, जिससे उनमें नई सोच विकसित हो और वे आगे बढ़ सकें।
उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को जनपद में संचालित सभी आश्रम पद्धति विद्यालयों में समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ चित्रकला, निबंध लेखन तथा छात्र-छात्राओं के बीच नवाचार से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की संचालित कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से प्रश्न-उत्तर किए तथा उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय के शौचालयों सहित पूरे परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम शंकर पटेल, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सहायक सूचना निदेशक एवं जिला सूचना अधिकारी, प्रयागराज कार्यालय द्वारा प्राप्त समाचार।

























































Leave a comment