Crime News / आपराधिक ख़बरे

तीन माह के मासूम की मौत पर अस्पताल में हंगामा मे इलाज में लापरवाही का आरोप

• इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ देर बाद बिगड़ी बालक की हालत, परिजनों ने जांच और कार्रवाई की मांग की
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर स्थित गुड हेल्थ अस्पताल में मंगलवार को तीन माह के बालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। परिजन पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हरिकिशुनपुर गांव निवासी अरुण पाल के अनुसार, मंगलवार सुबह उनके तीन माह के भांजे की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। बच्चा लगातार रो रहा था, जिसके बाद परिजन उसे ईश्वरपुर मुख्य मार्ग स्थित गुड हेल्थ अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद कर्मी ने बच्चे को उपचार के दौरान चार इंजेक्शन लगाए। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई और बच्चे की मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। परिजनों का कहना था कि अस्पताल कर्मियों ने शुरूआत में इंजेक्शन लगाए जाने से इनकार किया, जबकि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बच्चे को इंजेक्शन लगाए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए बालक के शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। परिजनों के मुताबिक, मृत बालक का मूल घर चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में है। उसकी मां अनुपमा अपने मायके हरिकिशुनपुर में रह रही थी। बताया गया कि करीब तीन माह सात दिन पूर्व इसी अस्पताल में आॅपरेशन के बाद बालक का जन्म हुआ था। जन्म के बाद लगभग दो महीने तक बच्चे को अस्पताल के आईसीयू में रखा गया था। परिजनों का दावा है कि उसके उपचार में करीब चार लाख रुपये खर्च हुए थे। बालक के पिता अतुल पाल मुंबई में काम करते हैं। मासूम की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा रहा। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने परिजनों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh