रिश्तों का खूनी अंजाम: जीजा ने साले को लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
प्रतापगढ़। कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में सोमवार को पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सरेबाजार एक व्यक्ति ने अपने सगे साले को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान देवेन्द्र यादव पुत्र गया प्रसाद यादव, निवासी मदाफरपुर बाजार के रूप में हुई है। गोली मारने का आरोप उसके सगे जीजा कपिल यादव निवासी खानापुर, थाना पीपरपुर, जनपद अमेठी पर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कपिल यादव का अपनी पत्नी प्रियंका से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि 17 अगस्त को देवेन्द्र यादव अपनी बहन प्रियंका को अपने घर मदाफरपुर ले आया था। इसी पारिवारिक विवाद को लेकर मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते कपिल यादव ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से देवेन्द्र को गोली मार दी। गोली लगते ही देवेन्द्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी में आरोपी कपिल यादव के पूर्व सैनिक होने की बात सामने आई है। वर्तमान में वह सुल्तानपुर जिला अस्पताल में गार्ड के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है। घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी बताई जा रही ।
गोली चलने की आवाज से मदाफरपुर बाजार में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कपिल यादव को हिरासत में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल और वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है। पारिवारिक विवाद से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते खून-खराबे में बदल गया और एक भाई को अपनी बहन के पारिवारिक विवाद की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


















































Leave a comment