बधाई मांगने पहुंचे किन्नरो और ग्रामीणो में भिड़ंत थाने के बाहर हुआ विवाद महिलाओं से अभद्रता और आभूषण छीनने के प्रयास का आरोप, किन्नर पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बनकट जगदीश गांव में मंगलवार सुबह बधाई देने पहुंचे किन्नर समुदाय के लोगों और ग्रामीणों के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली और किन्नर पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम प्रधान जगदंबा प्रसाद के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे किन्नर समुदाय के कुछ लोग बधाई मांगने गांव पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान गांव की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उनके आभूषण छीनने का प्रयास किया गया। गांव की सुमन पत्नी संजय और सपना पत्नी संजय ने भी आभूषण छीनने की कोशिश का आरोप लगाया। महिलाओं द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसके बाद ग्रामीणों पर किन्नर समुदाय के लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। दूसरी ओर, किन्नर समुदाय की गुरु एवं अध्यक्ष किरन किन्नर ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया। उनका आरोप है कि समुदाय के लोग गांव में परंपरागत रूप से बधाई देने गए थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान के इशारे पर ग्रामीणों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें समुदाय के कई लोग घायल हुए। घटना को लेकर उन्होंने कप्तानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि किरन किन्नर की ओर से प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा दूसरे पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत के लिए थाने पहुंचे दोनों पक्षों के बीच वहां भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि थाने के बाहर किन्नर समुदाय और ग्रामीण फिर आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















































Leave a comment