प्रयागराज में तेज बारिश के बाद जलनिकासी तेज, मंडलायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
अतिरिक्त पंप लगाकर जलनिकासी में तेजी लाने के निर्देश, 43 पंपों से 132.50 एमएलडी क्षमता के साथ चल रहा अभियान
प्रयागराज, 19 अगस्त। जनपद में हुई तेज बारिश के बाद विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नगर आयुक्त श्री साई तेजा एवं संबंधित अधिकारियों के साथ जॉर्ज टाउन, टैगोर टाउन, संगम पेट्रोल पंप सहित आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने जलनिकासी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पंप लगाकर जलनिकासी की प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का तत्काल उपयोग करते हुए स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वर्तमान में जनपद में 43 पंपों के माध्यम से जलनिकासी का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इन पंपों की कुल पंपिंग क्षमता 132.50 एमएलडी है। वहीं, संगम पेट्रोल पंप क्षेत्र में 6 पंप लगाए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 20 एमएलडी है।
मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्था की भी जानकारी ली। जिन क्षेत्रों में जलभराव के कारण पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां जल निगम को तत्काल पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं और जलभराव की स्थिति को शीघ्र सामान्य किया जाए। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
सहायक सूचना निदेशक एवं जिला सूचना अधिकारी, प्रयागराज कार्यालय द्वारा प्राप्त समाचार।

























































Leave a comment