Crime News / आपराधिक ख़बरे

सीएचसी अधीक्षक पर सरिया से जानलेवा हमला, छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार

•ओपीडी में घुसकर सिर पर किया वार, सरकारी रजिस्टर और बीपी मशीन भी तोड़ी; घटना में प्रयुक्त सरिया बरामद

कादीपुर/अखंडनगर, सुलतानपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखंडनगर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इलाज कराने पहुंचे एक युवक ने ओपीडी में घुसकर सीएचसी अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह पर लोहे की सरिया से कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने चिकित्सक के सिर पर सरिया से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह चिकित्सक को हमलावर से बचाया।

 

घटना के बाद आरोपी ने चिकित्सक के कार्यालय में रखे सरकारी रजिस्टर समेत अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई अखंडनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को घटना के करीब छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सरिया का टुकड़ा भी बरामद किया है।

 

ओपीडी में अचानक घुसकर किया हमला

 

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे सीएचसी अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह ओपीडी में मौजूद थे। इसी दौरान प्राणनाथपुर बछड़िया निवासी सचिन गौड़ इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि वह अचानक ओपीडी में घुस आया और चिकित्सक के साथ गाली-गलौज करने लगा।

 

इसी दौरान आरोपी ने लोहे की सरिया से डॉ. सत्येंद्र सिंह के सिर पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को रोका और चिकित्सक को बचाया।

 

हमले में डॉ. सिंह को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने चिकित्सक के कार्यालय में रखे सरकारी रजिस्टर आदि फाड़ दिए और सरकारी बीपी मशीन समेत अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया।

 

तहरीर पर मुकदमा, छह घंटे में आरोपी गिरफ्तार

 

घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर अखंडनगर थाने में सचिन गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 132, 221, 324(4), 115(2), 352 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई।

 

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर सचिन गौड़ को महमूदनगर चौराहे के पास से बुधवार दोपहर करीब 1:40 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस का दावा है कि आरोपी को घटना के करीब छह घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की सरिया का एक टुकड़ा भी बरामद किया गया।

 

न्यायालय में पेश किया जा रहा आरोपी

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन गौड़ पुत्र विनोद कुमार, निवासी प्राणनाथपुर बछड़िया, थाना अखंडनगर, जनपद सुलतानपुर के रूप में की है। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

 

आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित सिंह, कांस्टेबल अमित यादव और कांस्टेबल विजय गुप्ता शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को मामले में अहम सफलता माना जा रहा है।

 

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh