नकब काटकर चोरों ने नकदी-आभूषण सहित लाखों के सामान पर हाथ साफ
देवरिया ।भटनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगही डीह गांव में शुक्रवार की देर रात चोरों ने घर में नकब काटकर नगदी आभूषण सहित अन्य सामान उठा ले गए
चोर घर से पांच पेटियां उठाकर ले गए। इनमें रखे दो पुत्रियों के सोने-चांदी के आभूषण, करीब 40 हजार रुपये नकद, कपड़े समेत अन्य सामान शामिल हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
सिंगहीडीह निवासी आनंद यादव पुत्र स्व. जंगली यादव ने थाने में दी तहरीर में बताया कि आठ अगस्त की रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोरों द्वारा घर में नकब काटकर घर में दाखिल हुए। इसके बाद पांच पेटियां उठा ले गए। पेटियों में सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। इनमें दो मंगलसूत्र, दो मंगटीका, एक हार, सोने की चेन और अन्य आभूषण शामिल थे।
पीड़ित के अनुसार, दवा की दुकान से संबंधित कलेक्शन के करीब 40 हजार रुपये भी घर में रखे थे। चोर नकदी के साथ कपड़े भी उठा ले गए। घटना की जानकारी होने के बाद परिवार में मायूसी छा गई। पीड़ित ने काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी गए सामान का पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर गृहस्वामी से घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का नक्शा-नजरी तैयार कराया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की फोटोग्राफी की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस डॉग स्क्वायड को भी मौके पर लाया गया। घटनास्थल से सुराग की तलाश में डॉग स्क्वायड गांव के दो घरों तक पहुंचा, लेकिन वहां से वापस लौट आए। इसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
पीड़ित आनंद यादव ने तहरीर में गाँव के ही दो लोगो पर चोरी की घटना में शामिल होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, दोनों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़ित ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर अज्ञात चोरों का पता लगाने, चोरी गए सामान बरामद करने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


























































Leave a comment