Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जिला अस्पताल के दवा कक्ष में ड्यूटी के दौरान जन्मदिन पार्टी का आरोप, मरीजों की कतार के बीच वायरल हुआ वीडियो SIC ने कहां जांच कर होगी कार्रवाई, दवा वितरण कक्ष में पार्टी मनाना गलत

आजमगढ़। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्य दवा वितरण कक्ष के अंदर ड्यूटी के दौरान जन्मदिन मनाए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर दवा लेने के लिए मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लगी दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दवा कक्ष प्रभारी अनिल चौधरी का जन्मदिन होने पर दवा वितरण कक्ष के अंदर केक काटकर आयोजन किए जाने का आरोप है। वायरल वीडियो में कर्मचारी केक काटते, फोटो खिंचवाते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान दवा वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई।
बाहर पर्ची हाथ में लिए मरीज, बुजुर्ग, महिलाएं और बीमार बच्चों को गोद में लिए तीमारदार अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। मरीजों का आरोप है कि गर्मी और उमस के बीच उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जबकि दवा कक्ष के अंदर जन्मदिन समारोह चलता रहा।
आरोप यह भी है कि दवाओं के संवेदनशील स्टॉक रूम को गुब्बारों और रिबन से सजाया गया था। इसको लेकर अस्पताल की कार्यप्रणाली और नियमों के पालन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले में जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया ने कहा कि दवा कक्ष में पार्टी मनाना गलत है। उन्होंने कहा कि यदि ड्यूटी के दौरान ऐसा आयोजन हुआ है तो मामले की जांच कराई जाएगी और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। लेकिन ड्यूटी के समय दवा वितरण कक्ष में जन्मदिन समारोह और मरीजों के इंतजार से जुड़े आरोपों ने जिला अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें अस्पताल प्रशासन की जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh