डीआरएम ने किया बरहज स्टेशन का निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
देवरिया। वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने सोमवार दोपहर 2 बजे बरहज बाजार रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म पर स्टेशन का नाम न लिखे होने और साफ-सफाई में कमी मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल नाम-पट्टिका लगवाने का निर्देश दिया।
डीआरएम ने शौचालय, पेयजल, प्रतीक्षालय, मुसाफिरखाना, माल गोदाम और कर्मचारियों के आवास निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने बरहज से चलने वाली ट्रेन को बड़े शहरों से जोड़ने का आश्वासन भी दिया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव ने बरहज-सलेमपुर रेल लाइन विस्तार और माल गोदाम निर्माण सहित सात मांगों का ज्ञापन सौंपा। सभासद लव कुमार सोनकर ने रविवार को आरक्षण काउंटर खोलने और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
वहीं नवापार गांव के ग्रामीणों ने अंडरपास न होने पर घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता न होने से ट्रैक पार करना पड़ता है। 2024 में आश्वासन के बाद भी काम नहीं हुआ। मांग पूरी न होने पर 2027 का चुनाव बहिष्कार करने की चेतावनी दी। डीआरएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


























































Leave a comment