Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीआरएम आशीष जैन ने किया सलेमपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, निर्माण कार्यों में मिली खामियों पर जताई नाराजगी

देवरिया सलेमपुर, सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने सलेमपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन पहुंचने पर स्टेशन अधीक्षक बृजेश मिश्रा ने उनका स्वागत करते हुए स्टेशन की व्यवस्थाओं एवं चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद डीआरएम ने स्टेशन परिसर, निर्माणाधीन कार्यों तथा यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्यों में मिली कमियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माणाधीन कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र (पीआरएस) एवं अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) कक्ष का निरीक्षण किया तथा वहां वातानुकूलन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। पार्किंग के सामने हाल ही में बनी इंटरलॉकिंग सड़क के कुछ हिस्सों के धंस जाने पर उन्होंने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। वहीं, नाली का निर्माण होने के बावजूद उस पर ढक्कन नहीं लगाए जाने को गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल ढक्कन लगाने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
स्टेशन परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और निर्माण सामग्री का मलबा देखकर भी डीआरएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल सफाई अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ कराने तथा अनावश्यक मलबा हटाने के निर्देश दिए। वहीं, नव निर्मित पार्किंग स्थल का गेट टूटा मिलने पर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए उसकी शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों एवं स्थानीय लोगों ने स्टेशन परिसर में बने शौचालय पर ताला लगे होने की शिकायत भी डीआरएम से की। लोगों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बने शौचालय का उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
सांसद प्रतिनिधि ने रखीं प्रमुख मांगें
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि रामप्रकाश यादव उर्फ मुन्ना ने डीआरएम के समक्ष यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने प्लेटफार्म संख्या-2 के दक्षिणी छोर पर टीन शेड लगाने, प्लेटफार्म संख्या-1 से प्लेटफार्म संख्या-3 तक तथा स्टेशन के बाहर आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग की। इसके अलावा प्लेटफार्म के उत्तरी छोर पर यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए एक अतिरिक्त पैदल पुल बनाए जाने की भी मांग की।
डीआरएम आशीष जैन ने इन मांगों पर सकारात्मक संज्ञान लेने तथा आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन पर चल रहे सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं तथा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
डीआरएम के निरीक्षण को लेकर पूरे दिन स्टेशन परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हलचल बनी रही। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस निरीक्षण के बाद स्टेशन पर लंबित निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh