Crime News / आपराधिक ख़बरे

श्मशान घाट पर मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के तेलिया कला श्मशान घाट के पास सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान पन्ने लाल यादव (42) पुत्र स्वर्गीय राजमंगल यादव निवासी तेलिया कला के रूप में हुई। बताया जाता है कि सोमवार सुबह करीब छह बजे गांव के लोग स्नान, शौच एवं अन्य दैनिक कार्यों के लिए नदी किनारे पहुंचे, तभी श्मशान घाट के पास एक शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर मईल थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, देवरिया भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पन्ने लाल यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी वंदना देवी, पुत्री सुप्रिया (20), रितिका (14) तथा 11 वर्षीय पुत्र अनिकेत हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी वंदना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस की जांच का इंतजार कर रहे हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh