Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कादीपुर–दोस्तपुर मार्ग की बदहाली से जनता बेहाल, सड़क पर गड्ढे या गड्ढों में सड़क?

•दस वर्षों से जर्जर पड़ा मुख्य संपर्क मार्ग, बरसात में हालात बदतर; बढ़ते आक्रोश के बीच चुनावी मुद्दा बनने के संकेत

कादीपुर (सुलतानपुर)। प्रदेश सरकार जहां सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावे कर रही है, वहीं कादीपुर–दोस्तपुर मार्ग की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। अंबेडकर नगर से चांदा पट्टी होते हुए प्रतापगढ़ को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की हालत लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क जगह-जगह बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और लोगों के बीच यह चर्चा आम हो गई है कि सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।

क्षेत्रीय लोगों के अनुसार विगत लगभग दस वर्षों से इस सड़क की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है। हजारों लोगों के आवागमन वाले इस प्रमुख मार्ग से प्रतिदिन छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और अन्य लोग गुजरते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बरसात शुरू होने के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। वाहन चालकों को यह समझना मुश्किल हो रहा है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि छोटे-बड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।

सरैया बाजार में स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर जलभराव के कारण पूरा क्षेत्र तालाब जैसा दिखाई दे रहा है। बाजार आने-जाने वाले लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश के दौरान पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

जनता बोली

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष उठाई जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है और यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन के लिए मजबूर हो सकती है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी बढ़ रही है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

बन सकता है बड़ा चुनावी मुद्दा

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कादीपुर–दोस्तपुर मार्ग की बदहाली एक प्रमुख मुद्दा बन सकती है। विपक्षी दल भी क्षेत्र की इस समस्या को लेकर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाने की तैयारी में हैं। ऐसे में क्षेत्रीय जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वर्षों से उपेक्षित इस सड़क को आखिर कब राहत मिलेगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh