24 वर्षीय युवक की नदी में डुबने से हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
देवरिया।लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के मायापुर टोले पर शुक्रवार को नदी में स्नान करने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
चुरिया गांव के मायापुर निवासी शलील साहनी 24 वर्ष पुत्र स्व. बृजानंद साहनी शुक्रवार को गांव के समीप स्थित नदी में स्नान करने गया था। स्नान करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। डूबने लगा तो किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण उसे समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शलील को नदी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार ले गए। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. अखिल प्रताप सिंह ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलते ही लार थाने की पुलिस और लेखपाल अभिनन्दन कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने 4 भाइयों में तीसरे नंबर का था। पुलिस ने पंचनामा कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

























































Leave a comment