Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़ पुलिस का ऑपरेशन वज्रपात: नकली पिस्टल के साथ वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की काउंसलिंग, बीएनएस की धाराओं में चालान

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और भय का माहौल फैलाने वाली गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत गंभीरपुर थाना पुलिस ने नकली पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, मनीष पुत्र धर्मेन्द्र, निवासी ग्राम खरैला, थाना गंभीरपुर, उम्र लगभग 20 वर्ष, ने प्लास्टिक की नकली पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर YouTube पर अपलोड किया था। पुलिस का कहना है कि इस तरह के वीडियो समाज में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर सकते हैं तथा युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने की आशंका रहती है।

सूचना मिलने पर गंभीरपुर पुलिस ने युवक को थाना बुलाया। वहां उसके अभिभावकों की मौजूदगी में विस्तृत काउंसलिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने उसे कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा उसके दुरुपयोग से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए युवक का धारा 170/126/135 बीएनएस के तहत चालान किया गया। साथ ही उसके अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें और उन्हें कानून का पालन करने, सकारात्मक कार्यों में भाग लेने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।

आजमगढ़ पुलिस ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों, गैंग संस्कृति या भय पैदा करने वाली किसी भी प्रकार की फोटो, वीडियो अथवा अन्य सामग्री पोस्ट करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में भविष्य में भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh