तहबरपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 50 लाख की चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद, अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार
आजमगढ़, 26 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तहबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिल्ली से चोरी की गई करीब 50 लाख रुपये कीमत की फॉर्च्यूनर कार बरामद करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है।
मोहहर्रम पर्व के मद्देनजर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे स्थित सरदहां अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 226.3 पर रेस्ट लेन में एक सफेद फॉर्च्यूनर संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तोइजम नटराज सिंह (37) निवासी इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में हुई। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली निवासी अमित नामक व्यक्ति के संपर्क में था, जो लग्जरी वाहन चोरी कर उसे उपलब्ध कराता था। वह फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इन वाहनों को मणिपुर के उखरूल जिले में सिमरे नामक व्यक्ति तक पहुंचाता था। इसके बदले उसे प्रत्येक वाहन पर 30 हजार रुपये मिलते थे।
अभियुक्त ने स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह दिल्ली से चोरी की गई दो लग्जरी गाड़ियां मणिपुर पहुंचा चुका है। 25 जून 2026 को वह चोरी की गई फॉर्च्यूनर लेकर दिल्ली से निकला था। रास्ते में नींद आने पर उसने वाहन सरदहां के पास खड़ा कर दिया, जहां चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में बरामद फॉर्च्यूनर का वास्तविक पंजीकरण नंबर DL10CA0100 पाया गया, जो दिल्ली से चोरी की गई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।























































Leave a comment