Latest News / ताज़ातरीन खबरें

महारानी दुर्गावती शौर्य दिवस पर गोंड धुरिया समाज का सम्मेलन, जाति प्रमाण पत्र जारी करने की उठी मांग

गोरखपुर, 26 जून 2026। गोंडवाना की महान वीरांगना महारानी दुर्गावती के शौर्य दिवस के अवसर पर गोकुल अतिथि भवन, आरटीओ रोड, गोरखपुर में गोंड धुरिया समाज का भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
सम्मेलन में समाज के हक और अधिकारों को लेकर वक्ताओं ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी आदेशों का पूरी तरह पालन करते हुए गोंड धुरिया समाज के पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। वक्ताओं का आरोप था कि कई स्थानों पर शासनादेश के बावजूद प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मूलनिवासी आदिवासी आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं छात्रनेता शिव शंकर गोंड ने कहा कि समाज अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासनादेश के अनुरूप गोंड धुरिया समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
सम्मेलन में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के पात्र लोगों तक पहुंचाने की भी मांग उठाई गई। उपस्थित लोगों ने समाज की एकजुटता बनाए रखने और अपने अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन महारानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए समाज की एकता और अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh