Accidental News / दुर्घटना की खबरें

बस की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, चालक गिरफ्तार, शाहगंज के आजमगढ़ मार्ग पर हुआ हादसा, मृतक आजमगढ़ का निवासी

जौनपुर। शाहगंज नगर के व्यस्त आजमगढ़ मार्ग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप बुधवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे विवेकानंद सिंह (48 वर्ष) पुत्र निवासी सिरजहांपुर, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ अपनी मोटरसाइकिल से शाहगंज नगर के आजमगढ़ मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गया और बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गया।
हादसे में विवेकानंद सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को अपने कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर के अत्यधिक व्यस्त आजमगढ़ मार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहनों की तेज आवाजाही रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण, गति सीमा के सख्त पालन और सुरक्षा उपायों को और मजबूत किए जाने की मांग की है।
इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh