सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ रील बनाकर दिखा रहा था रौब, ऑपरेशन वज्रपात में युवक गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सोशल मीडिया पर बढ़ती गैंग संस्कृति तथा हथियारों के प्रदर्शन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत थाना कन्धरापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर तमंचा और कट्टा प्रदर्शित करते हुए रील वायरल कर दहशत फैलाने का प्रयास करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी में पता चला कि कुछ युवक फेसबुक और इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए वीडियो और फोटो पोस्ट कर रहे हैं। इससे आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की आशंका थी।
जांच में सामने आया कि रवि चौबे उर्फ प्रतीक चौबे (21 वर्ष) पुत्र राजेश चौबे निवासी नाथुपुर, थाना कन्धरापुर, अपने फेसबुक एवं इंस्टाग्राम अकाउंट पर तमंचा और कट्टा प्रदर्शित करते हुए फोटो व वीडियो साझा कर रहा था। युवक द्वारा हथियारों के साथ बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल भी की गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कन्धरापुर पुलिस ने युवक को चिन्हित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
अभिभावकों की मौजूदगी में हुई काउंसलिंग
गिरफ्तारी के बाद युवक की थाना परिसर में उसके अभिभावकों की उपस्थिति में काउंसलिंग की गई। पुलिस ने उसे कानून व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखें और उन्हें सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करें।
पुलिस की अपील
आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंग संस्कृति का प्रचार-प्रसार या भय का माहौल बनाने वाले किसी भी कृत्य से दूर रहें। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक राजेश राम, कांस्टेबल विजय कुमार यादव एवं कांस्टेबल अमित जायसवाल शामिल रहे।





















































Leave a comment