टोटी चोर का कहर,नगर पालिका के फ्रीजर की टोटी गायब, राहगीरों को ठंडे पानी के लिए हो रही परेशानी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के पुरानी तहसील तिराहा स्थित अयोध्या मार्ग पर नगर पालिका द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए लगाए गए सार्वजनिक पानी फ्रीजर की टोटी अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। इसके चलते फ्रीजर बंद पड़ा है और भीषण गर्मी में राहगीरों, दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों को ठंडे पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ माह पूर्व नगर पालिका द्वारा यह फ्रीजर लगाया गया था, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों को राहत मिलती थी। फ्रीजर के संचालन से आसपास ठंडे पानी की उपलब्धता बनी रहती थी, लेकिन टोटी गायब होने के बाद यह व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि पानी के व्यवसाय से जुड़े तत्वों को फ्रीजर चलने से बिक्री प्रभावित हो रही थी। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि फ्रीजर खराब होने के बाद भी संबंधित विभाग या अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। परिणामस्वरूप राहगीरों और आम जनता को चिलचिलाती गर्मी में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन एवं अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि फ्रीजर को तत्काल दुरुस्त कराया जाए तथा इसकी टोटी निकालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को पुनः स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके।





















































Leave a comment