सोलर लोन पास कराने के नाम पर रिश्वतखोरी: PNB मैनेजर CBI के ट्रैप में गिरफ्तार, ₹30 हजार लेते रंगे हाथ दबोचा
आगरा। सोलर लोन फाइलों को क्लियर करने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की भद्रौली शाखा, बरहन के शाखा प्रबंधक प्रवीण यादव को CBI ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से 30हजार रुपये की पहली किस्त लेते समय दबोचा गया।
CBI के अनुसार, 25 जून को दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक निजी कंपनी से जुड़े शिकायतकर्ता की 19 सोलर पैनल लोन फाइलें पहले ही बैंक से स्वीकृत हो चुकी थीं। इन फाइलों को प्रोसेस कर अंतिम मंजूरी देने के लिए शाखा प्रबंधक ने प्रति फाइल 7 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
जांच के दौरान दोनों पक्षों के बीच 52 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत का सत्यापन करने के बाद CBI ने ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को 30 हजार रुपये की पहली किस्त दी, जिसे लेते ही CBI की टीम ने शाखा प्रबंधक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
CBI ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार शाखा प्रबंधक को शुक्रवार को गाजियाबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।























































Leave a comment