जयमाल के दौरान दुल्हन के भाई को लाठी डंडे से पीटकर किया घायल शादी समारोह में मची अफरा-तफरी, नामजद आरोपितों पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के देहुला शोभा गांव में एक शादी समारोह उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गया, जब जयमाल कार्यक्रम के दौरान दुल्हन के भाई पर कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित गंगाजली शर्मा के अनुसार, 24 जून की रात उनकी पुत्री सपना शर्मा का विवाह समारोह चल रहा था। द्वारपूजा की रस्म पूरी होने के बाद रात करीब एक बजे जयमाल की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही सचिन वर्मा, संतोष वर्मा, हरिकेश वर्मा और उनके कुछ अन्य साथी उनके पुत्र दीपक शर्मा को किसी बहाने से जयमाल स्टेज के पास से बुलाकर ले गए। परिजनों का आरोप है कि कुछ दूरी पर ले जाकर आरोपितों ने दीपक शर्मा पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे थाने ले गए और लिखित शिकायत दी। घायल दीपक शर्मा का कहना है कि सभी आरोपित पड़ोसी हैं और वह उन्हें अच्छी तरह पहचानता है। उसका आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी लगातार समझौता और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है तथा परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित पिता गंगाजली शर्मा ने बताया कि जिस समय बेटी की जयमाल की रस्म चल रही थी, उसी समय उनके इकलौते बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही थी। उन्होंने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

























































Leave a comment