आजमगढ़ में बिजली विभाग की लापरवाही से गई युवक की जान, घर के बाहर गिरे तार की चपेट में आने से अंकित चौरसिया की मौत
आजमगढ़। जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर नेवादा गांव में शनिवार सुबह बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। घर के बाहर जमीन पर पड़े टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आने से 25 वर्षीय अंकित चौरसिया की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकित चौरसिया, पुत्र राजेश चौरसिया, शनिवार सुबह नींद से उठने के बाद शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान घर के बाहर पहले से टूटा हुआ बिजली का तार जमीन पर पड़ा था। अनजाने में उनका पैर उस तार पर पड़ गया और वे तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि अंकित जौनपुर स्थित आईटीआई में अध्ययनरत थे। पढ़ाई के साथ-साथ वे इटैली बाजार में फल की दुकान चलाकर परिवार की आर्थिक मदद भी करते थे। वे दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई अंगद चौरसिया जौनपुर में अधिवक्ता हैं।
अंकित की असमय मौत से उनकी मां पुष्पा देवी, पिता राजेश चौरसिया और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।




















































Leave a comment