Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: सोशल मीडिया पर दबंगई की रील बनाना पड़ा भारी, गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की क्रेटा कार सीज

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर दबंगई और गैंग संस्कृति का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अविनाश सिंह उर्फ बंटी सिंह की क्रेटा कार को सीज कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो आया, जिसमें एक व्यक्ति काले रंग की चलती क्रेटा कार के सनरूफ से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए रील बनाता दिखाई दे रहा था। पुलिस के अनुसार, इस तरह का प्रदर्शन आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न करने के साथ-साथ यातायात सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।

वीडियो की जांच के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने वाहन और युवक की पहचान अविनाश सिंह उर्फ बंटी सिंह पुत्र भानू प्रताप सिंह, निवासी हरखपुरा खास, थाना महराजगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में की।

15 जून को ऑपरेशन वज्रपात के तहत पुलिस ने संबंधित क्रेटा कार को नियमानुसार सीज कर दिया। साथ ही आरोपी के विरुद्ध निरोधात्मक एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अविनाश सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध थाना महराजगंज में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं।

आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh