आजमगढ़:ड्यूटी से गायब मिले मुख्य आरक्षी संजू कुमार सस्पेंड, SSP डॉ. अनिल कुमार ने विभागीय जांच के दिए आदेश
आजमगढ़। जनपद में पुलिस विभाग के अनुशासन को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरक्षी संजू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के भी आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस विभाग की नियमित समीक्षा के दौरान पाया गया कि वर्तमान में जनपदीय सुरक्षा कमिश्नरेट वाराणसी में ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी संजू कुमार अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले। जांच में उनके द्वारा पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीन आचरण सामने आया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली, 1991 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
SSP डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने वालों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आजमगढ़ पुलिस ने दोहराया है कि कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।






















































Leave a comment